भिवानी, Haryana Weather News :- भिवानी में गुरुवार शाम मौसम ने रुख बदला और आसमान में हल्के बादल दिखाई दिए। हालांकि, अब हरियाणा में मौसम के साफ और शुष्क रहने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले बुधवार रात से वीरवार सुबह तक हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और फतेहाबाद जिलों में हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

6 से 9 जून तक मौसम रहेगा खुश्क
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 6 जून से हरियाणा में हवाओं का रुख बदलकर उत्तर-पूर्वी से पश्चिमी होने की संभावना है। इस बदलाव के चलते 6 जून से 9 जून तक मौसम मुख्यतः सूखा और गर्म रहने की उम्मीद है। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे विशेष रूप से दोपहर के समय तापमान में वृद्धि हो सकती है। बीच-बीच में हल्के बादल और कहीं-कहीं धूलभरी हवाएं भी चल सकती हैं।
तापमान में तेजी से हो रही बढ़ोतरी
वीरवार को हरियाणा के अधिकतम तापमान में औसतन 2.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, तापमान अभी भी सामान्य से 3.2 डिग्री कम बना हुआ है। हरियाणा में सबसे गर्म जिला रोहतक रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
24 घंटे में सबसे अधिक बढ़ा गुरुग्राम का तापमान
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो हर जिले में अधिकतम तापमान बढ़ा है। गुरुग्राम में सबसे अधिक 3.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे वहां का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।