हरियाणा :- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों से कहा है कि वे खेतों में ज्यादा रासायनिक खाद और दवाइयों का इस्तेमाल न करें। उन्होंने कहा कि हमें “प्राकृतिक खेती” यानी देसी तरीके से खेती करनी चाहिए, जिससे हमारी मिट्टी, पानी और सेहत सब ठीक रहे। इसके लिए सरकार देसी गाय खरीदने पर किसानों को ₹30,000 तक की मदद दे रही है।
नए पशु अस्पताल की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र जिले के बिहोली गांव में एक नया पशु अस्पताल (पॉलीक्लिनिक) खोला है। इस पर करीब ₹4.67 करोड़ खर्च हुआ है। यहां गाय, भैंस जैसे जानवरों का इलाज, एक्स-रे, ऑपरेशन और अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलेगी। साथ ही गांव को ₹21 लाख का तोहफा भी दिया।
पशुपालकों के लिए योजनाएं
सरकार ने पशुपालकों के लिए कई फायदे वाली योजनाएं शुरू की हैं:
-
दूध देने वाले किसानों को ₹5 से ₹10 प्रति लीटर की मदद
-
पढ़ाई में अच्छे बच्चों को छात्रवृत्ति
-
10 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा
-
पशुओं का सस्ता बीमा – सिर्फ ₹25 से शुरू
-
डेयरी खोलने पर 25% तक की सब्सिडी
-
देसी गाय पालने पर ₹5,000 से ₹20,000 तक इनाम
दूध उत्पादन में हरियाणा नंबर वन
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में दूध की प्रति व्यक्ति उपलब्धता देश से ढाई गुना ज्यादा है। यहां हर रोज 1105 ग्राम दूध मिलता है, जबकि देश का औसत 471 ग्राम है।
लाडवा में तेजी से विकास
लाडवा क्षेत्र में सरकार ने 10 साल में ₹794 करोड़ खर्च किए, जबकि पिछली सरकार ने सिर्फ ₹310 करोड़ लगाए थे। यहां गैस सिलेंडर सिर्फ ₹500 में और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कई मकान बनाए गए हैं।
खेती में नई पहल
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि कुरुक्षेत्र के गुरुकुल में 180 एकड़ में प्राकृतिक खेती की जा रही है। किसान इससे सीखकर बिना रासायनिक खाद की खेती कर सकते हैं।