नई दिल्ली, Haryana News :- एनसीआर क्षेत्र में भारत के पहले डिज़्नीलैंड की नींव रखने की तैयारी शुरू हो गई है। हरियाणा सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर गंभीर नजर आ रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस संबंध में केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से चर्चा की है। बातचीत सकारात्मक रही है और जल्द ही केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस थीम पार्क के लिए लगभग 500 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी। हरियाणा सरकार पहले ही दो से तीन स्थानों का निरीक्षण कर चुकी है। जल्द ही इनमें से किसी एक स्थान को अंतिम रूप दिया जाएगा।
पर्यटन मंत्री ने दी जानकारी
हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने यमुनानगर में मीडिया को जानकारी दी कि यह डिज़्नीलैंड प्रोजेक्ट राज्य के पर्यटन विकास के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य में कई योजनाएं लागू की जा रही हैं।
पर्यटन कॉम्प्लेक्स पीपीपी मॉडल पर होंगे संचालित
राज्य सरकार पर्यटन ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए पांच प्रमुख पर्यटन कॉम्प्लेक्स को पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर चलाने की योजना बना रही है। मंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम लागू होने के बाद से राज्य में पर्यटकों की संख्या में अच्छा खासा इजाफा हुआ है।
जेल सुधार की दिशा में भी पहल
पर्यटन के साथ-साथ हरियाणा सरकार जेल सुधार की दिशा में भी कदम उठा रही है। जेलों में नियमित योग कक्षाएं शुरू करने और सप्ताह में एक दिन भगवद गीता का पाठ कराने की योजना है। इससे बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य में सुधार लाने की उम्मीद है।
30 मई को होगा राज्य स्तरीय परशुराम जयंती समारोह
डॉ. अरविंद शर्मा ने यह जानकारी भी दी कि 30 मई को रोहतक में राज्य स्तरीय भगवान परशुराम जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने आमजन को निमंत्रण भी दिया।