भिवानी, Haryana News :- पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से वीरवार को हरियाणा के दस जिलों में बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे। इससे मौसम खुशनुमा हो गया और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। लेकिन मौसम विभाग के अनुसार अब तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी और पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि दो जून को सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ अब आगे बढ़ चुका है, लेकिन जाते-जाते भी इसने कई इलाकों में असर डाला। बुधवार रात से वीरवार सुबह तक अनेक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। हिसार जिले में हल्की ओलावृष्टि भी हुई। दिनभर मौसम साफ रहा, जिससे अधिकतम तापमान में लगभग चार डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। रोहतक में अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री रहा, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान कई स्थानों पर सामान्य से नीचे चला गया। सोनीपत में न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो सबसे कम रहा।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार छह और आठ जून को दो और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, लेकिन इनका असर सीमित रहेगा और बारिश की संभावना बहुत कम है। हालांकि बारह जून को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की उम्मीद है, जिसे अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी मिलेगी। इसके कारण राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों और जीटी बेल्ट में हल्की बारिश हो सकती है।
किन जिलों में कितनी बारिश हुई
जिला | बारिश (मिलीमीटर में) |
---|---|
महेंद्रगढ़ | 15.5 mm |
भिवानी | 8.1 mm |
चरखी दादरी | 6.5 mm |
अंबाला | 4.7 mm |
सिरसा | 4.0 mm |
हिसार | 2.9 mm |
रेवाड़ी | 2.5 mm |
सोनीपत | 2.0 mm |
पंचकूला | 0.5 mm |